

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग थाना क्षेत्र पुलिस ने नकली नोट का धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक दिल्ली पुलिस का जवान भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 200 रुपए के चार नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा जनपद टिहरी के पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर ने किया। बताया कि गुरुवार की सुबह देवप्रयाग थाना पुलिस को सूचना मिली कि पास के ही एक गांव में बाहर के चार युवक पहुंचे हुए हैं। जो नकली नोट दुकानों पर चला रहे हैं। पकड़ में आने पर युवकों ने एक रेस्टोरेंट संचालक के साथ बदसलूकी भी कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल की ओर रवाना हुई। इस दौरान पुलिस को फिर फोन पर जानकारी आई कि आरोपी अपनी कार में बैठकर देवप्रयाग की ओर फरार हो गए हैं। तभी तहसील चौक पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने आरोपियों की कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से चार 200 रुपए के नकली नोट बरामद किए। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर देवप्रयाग थाने ले आई।
बताया पकड़े गए आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र राजकुमार दीपक पुत्र जगदीश दोनों निवासी सोनीपत हितेश पुत्र ओमप्रकाश मोहित पुत्र रविंद्र कुमार दोनों निवासी रेवाड़ी हरियाणा के रूप में हुई है। मामले में अधिक जानकारी के लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जिससे कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं उनका भी खुलासा किया जा सके। पूछताछ में आरोपियों ने हरियाणा के गुड़गांव में फोटोस्टेट की मशीन से नकली नोट बनाने का जुर्म कबूल किया है। नकली नोटों का धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने पर एसएसपी ने देवप्रयाग थाना प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा और उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
