





Nitya Samachar UK
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की बिसौली विधानसभा में बुधवार, 12 अगस्त को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दूसरे दिन अभियान की शुरुआत की गई। अग्रवाल धर्मशाला में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से अभियान की शुरुआत के बाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को जानने तथा पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समूह बैठक के अलावा वन-टू-वन संवाद कर उनके विचार और सुझाव भी लिए गए।
अभियान के दौरान सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई। इस दौरान सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के विचार जाने गए और क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई।
संगठन सृजन अभियान के जिला ऑब्जर्वर राजपाल खरोला ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को नीचे से ऊपर तक मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे संवाद कर उनके विचार और सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और सभी के सुझावों को अभियान के दौरान गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच संवाद को और मजबूत किया जाएगा तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर संगठन को नई मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से शामिल रहे: जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत यादव, पीसीसी ऑब्जर्वर कुसलेंद्र यादव, हेमन्त चाहर, सेवादल के जिला अध्यक्ष, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष, वर्ष 2022 की विधानसभा प्रत्याशी ममता प्रजापति, अंकित चौहान सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, नगर, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।







