

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। आईडीपीएल खेल मैदान में बीती शाम आयोजित इगास पर्व का भव्य कार्यक्रम सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ ऋषिकेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया। पूर्व महापौर अनीता मामगाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। जिस तरह से मैदान में जनसमूह उमड़ा, उसे अनीता मामगाई के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पौड़ी सांसद अनिल बलूनी शामिल हुए। दोनों वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम की राजनीतिक अहमियत और बढ़ा दी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इगास पर्व के इस भव्य आयोजन के माध्यम से अनीता मामगाई ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया है।
दरअसल, पूर्व महापौर अनीता मामगाई ऋषिकेश विधानसभा सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी कर रही हैं। ऐसे में हजारों लोगों की मौजूदगी वाले इस आयोजन को उनकी राजनीतिक दावेदारी के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा किसे अपना प्रत्याशी बनाएगी, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
वहीं कार्यक्रम का मुख्य सांस्कृतिक आकर्षण उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण रहे। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों और जागरों की शानदार प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी लोकगीतों की धुन पर जमकर झूमते नजर आए। पूरा आईडीपीएल मैदान उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत के रंग में रंगा दिखाई दिया।
इगास के बहाने संस्कृति भी, सियासत भी!
कुल मिलाकर आईडीपीएल में आयोजित यह इगास पर्व केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। एक ओर हजारों लोगों की मौजूदगी, दूसरी ओर भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता और आयोजन की कमान संभालतीं अनीता मामगाई ने ऋषिकेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इगास पर्व के इस भव्य आयोजन के बाद ऋषिकेश विधानसभा सीट पर भाजपा की टिकट की दावेदारी को लेकर सियासी गतिविधियां क्या रुख लेती हैं।












