
Nitya Samachar UK
बागेश्वर:जनपद बागेश्वर के थाना कपकोट क्षेत्र के अंतिम गांव खाती से पिंडारी ट्रैक पर गए एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक 27 तारीख की रात खाती स्थित देवभूमि होम स्टे में रुका था। उसकी कार अभी भी वहीं खड़ी मिली है।
बताया गया है कि युवक 28 तारीख की सुबह स्थानीय गाइड आनंद राम पुत्र परम राम, निवासी ग्राम खाती के साथ पिंडारी ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। गाइड के अनुसार दोनों ने 28 तारीख की रात पिंडारी क्षेत्र में विश्राम किया और 29 तारीख की सुबह वापस लौटने लगे।
गाइड आनंद राम का कहना है कि वापसी के दौरान लगभग दोपहर 2:20 बजे (14:20 बजे) युवक अभिषेक ने उससे कहा कि वह आगे जाकर मैगी तैयार कर ले, जबकि वह कुछ फोटो खींचकर आता है। गाइड के मुताबिक वह आगे स्थित मैगी प्वाइंट तक पहुंच गया, लेकिन अभिषेक वहां नहीं पहुंचा। काफी देर इंतजार करने के बाद वह उसे तलाशने वापस गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
हालांकि, गाइड के बयान पर संदेह भी जताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिषेक के मोबाइल फोन की अंतिम सैटेलाइट लोकेशन दोपहर लगभग 12:30 बजे उस स्थान से भी ऊपर के क्षेत्र में मिली है, जहां से गाइड ने उसके अलग होने की बात कही है। ऐसे में गाइड के बयान और मोबाइल लोकेशन के बीच विरोधाभास सामने आ रहा है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवक की तलाश के लिए खोजबीन अभियान जारी है। गाइड से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
लापता युवक का नाम अभिषेक चौहान पुत्र रघुराज चौहान है और वह कंडेला गाँव शामली का रहने वाला है.



