

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:35 वर्ष से अधिक आयु के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के प्रति जुनून को मैदान पर उतारने का अवसर देने के उद्देश्य से 35+ टेनिस बॉल सीनियर क्रिकेट लीग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 दिसंबर 2026 से होगा। आयोजकों की ओर से लीग को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों से पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
आयोजक द्वारा कराये जा रहे इस क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य 35 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे एक बार फिर अपने क्रिकेट के जुनून को मैदान पर प्रदर्शित कर सकें। उम्र बढ़ने के साथ कई खिलाड़ी खेल से दूर हो जाते हैं, लेकिन खेल के प्रति उनका उत्साह और लगाव कम नहीं होता। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए सीनियर खिलाड़ियों के लिए इस लीग का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ी शामिल होंगे। टीम की एंट्री फीस 2,000 रुपये निर्धारित की गई है।
6 दिसंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में टीमों की संख्या सीमित रखी जाएगी। टीमों के नाम और एंट्री दर्ज कराने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी टीम की एंट्री स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ियों से समय रहते अपनी टीम का पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
लीग मुकाबलों के साथ होगा रोमांचक क्रिकेट
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले लीग आधार पर खेले जाएंगे, जिससे सभी टीमों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। प्रतियोगिता में सीनियर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आयोजक अशोक पासवान ने कहा कि यह केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन खिलाड़ियों के लिए अपने पुराने खेल के दिनों को दोबारा जीने का अवसर है, जिन्होंने कभी मैदान पर खूब पसीना बहाया है। उनका प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से खेल भावना, आपसी भाईचारे और फिटनेस को बढ़ावा मिले तथा अधिक से अधिक उम्रदराज खिलाड़ी खेलों से जुड़े रहें।
पंजीकरण एवं संपर्क:
8006606269
9410543050
7351675529












