

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसमें रागी जत्थों ने मधुर गुरबाणी और शब्द-कीर्तन का गायन कर संगत को निहाल किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में स्थापित किए गए सोलर प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
सुबह से ही गुरुद्वारे में मत्था टेकने और गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। कीर्तन दरबार के दौरान पूरा गुरुद्वारा परिसर गुरबाणी के मधुर स्वर से भक्तिमय हो गया। धार्मिक कार्यक्रम की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
सोलर प्लांट से स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर की छत पर स्थापित सोलर प्लांट का उद्घाटन भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने इसका शुभारंभ किया। सोलर प्लांट स्थापित होने से गुरुद्वारे की बिजली संबंधी जरूरतों को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों और सेवादारों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव के साथ आयोजन में सहभागिता की। पूरे दिन गुरुद्वारा परिसर में भक्ति, सेवा और भाईचारे का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल,विधायज प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शम्भु पासवान,कांग्रेसी नेता जयेन्द्र रमोला, स० गोविन्द सिंह (प्रधान), स० परमजीत सिंह, स० देवेन्द्र सिंह, स० नरेन्द्र जीत सिंह बिन्द्रा, स० मंगा सिंह, स० गगनदीप सिंह बेदी, स० अजीत सिंह, राजेश अरोड़ा, स० प्रेम सिंह डंग, भारत भूषण रावल, हरीश धींगड़ा एवं चारु माथुर कोठारी सम्मिलित थे।












