





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई करीब 50 लाख रुपए की चोरी का सफल खुलासा करने वाली ऋषिकेश पुलिस टीम को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। एम्स प्रशासन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यवाही की प्रशंसा की।
गौरतलब है कि 19 जुलाई 2026 को एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में चोरी की घटना सामने आई थी। घटना में लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में ऋषिकेश पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार सुराग जुटाते हुए घटना का सफल अनावरण किया और एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपए कीमत के चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए थे। इस कार्रवाई को पुलिस की तेज जांच, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार किए गए प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता माना गया।
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस टीम का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक एवं CEO प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने चोरी की घटना के त्वरित खुलासे के लिए ऋषिकेश पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और अथक प्रयासों से न केवल चोरी की घटना का खुलासा हुआ, बल्कि बड़ी मात्रा में चोरी की संपत्ति भी बरामद की गई।
एम्स प्रशासन की ओर से पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान दून पुलिस की कार्यकुशलता और अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई की भी प्रशंसा की गई।
इन पुलिस कर्मियों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वाले पुलिस कर्मियों में—
निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश
व0उ0नि0 नवीन जोशी, कोतवाली ऋषिकेश
उ0नि0 विकसित पवार
उ0नि0 देवेंद्र पवार, चौकी प्रभारी एम्स
हे0कां0 संदीप राठी
कां0 दिनेश मेहर
कां0 सौरव वालिया
कां0 संदीप छाबड़ी
कां0 नवनीत, एसओजी
कां0 कुलदीप, एसओजी
शामिल रहे।
एम्स परिसर में हुई बड़ी चोरी का खुलासा कर लाखों रुपए के आभूषण बरामद करने वाली पुलिस टीम को स्वतंत्रता दिवस पर मिला सम्मान पुलिस और एम्स प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का भी उदाहरण माना जा रहा है।







