

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। खासकर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के भीतर राजनीतिक समीकरणों और संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं लगातार जोर पकड़ रही हैं। इसी बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश के पूर्व विधायक शूरवीर सिंह सजवाण की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता ने एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गुटबाजी की चर्चाओं को हवा दे दी है।
दरअसल, शूरवीर सिंह सजवाण ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 26 नवंबर 2026 को प्रस्तावित विशाल पैदल मार्च को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर के ज्वलंत जनहित के मुद्दों को उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। पत्रकार वार्ता के लिए जारी किए गए बैनर में अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, UKSSSC पेपर लीक एवं भर्ती घोटाला, पटवारी-लेखपाल भर्ती घोटाला, बापूग्राम क्षेत्र के निवासियों के भूमि एवं आवासीय अधिकारों का स्थायी समाधान, गुमानीवाला में प्रस्तावित कूड़ाघर का विरोध, सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का मामला, मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप, मंत्री रेखा आर्य से जुड़े 210 करोड़ रुपये के आरोपों की जांच, बेरोजगारी, पलायन, महिला सुरक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
हालांकि, इस पत्रकार वार्ता में राजनीतिक चर्चा का विषय प्रदेश सरकार के खिलाफ उठाए गए मुद्दों से ज्यादा कांग्रेस के एक महत्वपूर्ण चेहरे की गैरमौजूदगी बन गई। ऋषिकेश विधानसभा सीट से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके जयेंद्र रमोला इस पत्रकार वार्ता में नजर नहीं आए। खास बात यह रही कि शूरवीर सिंह सजवाण जहां ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर संभावित दावेदार के रूप में राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं, वहीं पिछले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे जयेंद्र रमोला को पत्रकार वार्ता में आमंत्रित नहीं किए जाने की बात सामने आई।
पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों ने भी इस मुद्दे को उठाया और जयेंद्र रमोला की अनुपस्थिति को लेकर सवाल किया। इसके बाद कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी राजनीतिक खींचतान को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठने लगा कि क्या ऋषिकेश विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर अभी से दावेदारी को लेकर खींचतान शुरू हो गई है?
जयेंद्र रमोला बोले-मुझे बुलाया ही नहीं गया
इस पूरे मामले में जब जयेंद्र रमोला का पक्ष जाना गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकार वार्ता के लिए उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि संभव है कि यह शूरवीर सिंह सजवाण की निजी पत्रकार वार्ता रही हो। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं।
रमोला ने कहा कि 26 नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर वह तैयारियों में जुटे हैं। लोगों के बीच जाकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन इस कार्यक्रम में पहुंच सकें।
राजभवन कूच से पहले ऋषिकेश कांग्रेस की राजनीति पर भी नजर
प्रदेश सरकार के खिलाफ 26 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के विशाल पैदल मार्च से पहले ऋषिकेश में हुई इस राजनीतिक घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर शूरवीर सिंह सजवाण प्रदेश के मुद्दों को लेकर सक्रियता दिखा रहे हैं, तो दूसरी ओर पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी का चेहरा रहे जयेंद्र रमोला भी संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रियता का दावा कर रहे हैं।
फिलहाल दोनों नेताओं की ओर से खुलकर किसी तरह की राजनीतिक बयानबाजी सामने नहीं आई है, लेकिन पत्रकार वार्ता में एक प्रमुख कांग्रेसी चेहरे को आमंत्रित नहीं किए जाने और उनकी गैरमौजूदगी ने ऋषिकेश कांग्रेस में अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाएं जरूर तेज कर दी हैं। अब देखना होगा कि 26 नवंबर के राजभवन कूच में ऋषिकेश कांग्रेस की एकजुटता कितनी नजर आती है या फिर विधानसभा चुनाव से पहले ही दावेदारी की सियासत पार्टी के भीतर नई चुनौती खड़ी करती है।
आज की प्रेसवार्ता में शूरवीर सिंह सजवाण के साथ राजपाल खरोला,ललित मोहन मिश्रा, विजय सारस्वत, दीप शर्मा, मदन मोहन शर्मा, महिला नेता अंशुल त्यागी, विनय सारस्वत, मनोज गुसाईं, राकेश सिंह मियां सहित कई ऋषिकेश के दिग्गज कांग्रेसी नेता मौजूद रहे.












