

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ऋषिकेश में कांग्रेस ने अभी से सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा सीट पर टिकट के लिए दावेदारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर जुटकर एकजुटता का संदेश दिया। श्यामपुर में आयोजित संयुक्त बैठक में सभी नेताओं ने संकल्प लिया कि पार्टी हाईकमान 24 विधानसभा ऋषिकेश से जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, बाकी सभी नेता और कार्यकर्ता उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. केएस राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ऋषिकेश विधानसभा की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा, ताकि प्रत्याशी चयन के दौरान स्थानीय परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को उचित महत्व मिल सके।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजय सारस्वत ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कार्यकर्ताओं के मन में जो संशय पैदा हुआ है, उसे इस बार समाप्त किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व जिस भी नेता को टिकट देगा, सभी वरिष्ठ नेता उसके साथ पूरी जिम्मेदारी से खड़े होकर चुनाव लड़ाएंगे।
पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजपाल खरोला और पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. केएस राणा ने कहा कि यदि सभी नेता और कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ते हैं तो जीत निश्चित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस के लंबे समय से चले आ रहे चुनावी सूखे को समाप्त किया जाएगा।
सेवादल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामविलास रावत तथा मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है, लेकिन ऋषिकेश विधानसभा में मजबूत चुनावी माहौल तैयार करना सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा और पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती प्रसाद सेमवाल ने कहा कि ऋषिकेश में यदि प्रत्याशी का चयन सही तरीके से किया गया तो कांग्रेस की जीत की संभावनाएं मजबूत होंगी। इसके लिए पार्टी नेतृत्व को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस सचिव सोहन लाल रतूड़ी और पूर्व टैक्सी यूनियन अध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश गरीब बेघर जन कांग्रेस के संयोजक विजयपाल रावत ने कहा कि बैठक में बनी सहमति के बाद एक शिष्टमंडल प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेगा। इस दौरान ऋषिकेश विधानसभा की वास्तविक राजनीतिक परिस्थितियों से नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा, ताकि टिकट वितरण को लेकर सही फैसला लिया जा सके।
बैठक के समापन पर पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत ने सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि यदि सभी नेता एकजुट होकर किसी एक प्रत्याशी को चुनाव लड़ाते हैं तो ऋषिकेश में कांग्रेस का विधायक जीतना तय है।
कुल मिलाकर श्यामपुर में हुई इस बैठक के जरिए कांग्रेस नेताओं ने टिकट की दावेदारी के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि यह एकजुटता चुनाव तक कितनी कायम रहती है और पार्टी हाईकमान ऋषिकेश सीट पर किसके नाम पर मुहर लगाता है।












