

Nitya Samachar UK

ऋषिकेश:उत्तराखंड में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 26 नवंबर 2026 को देहरादून में विशाल पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शूरवीर सिंह सजवाण के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रही है।
कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के पोस्टर में प्रदेशभर के कई ज्वलंत जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। इनमें अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, UKSSSC पेपर लीक एवं भर्ती घोटाला, पटवारी-लेखपाल भर्ती घोटाला और बेरोजगारी जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा बापूग्राम क्षेत्र के निवासियों के भूमि एवं आवासीय अधिकारों का स्थायी समाधान करने तथा गुमानीवाला में प्रस्तावित कूड़ाघर का विरोध भी कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
कांग्रेस ने सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के मामले को भी आंदोलन का हिस्सा बनाया है। वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े 210 करोड़ रुपये के आरोपों की जांच और मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति के आरोपों का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसके साथ ही पलायन, महिला सुरक्षा और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
सजवाण बोले- जनता के सवालों से सरकार को भागने नहीं देंगे
पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग हो या युवाओं के भविष्य से जुड़े भर्ती घोटालों का मामला, सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि बापूग्राम के निवासियों के भूमि और आवासीय अधिकारों का स्थायी समाधान होना चाहिए तथा गुमानीवाला में प्रस्तावित कूड़ाघर के मामले में स्थानीय लोगों की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जनता की आवाज को सड़क से लेकर राजभवन तक पहुंचाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से राजभवन तक निकलेगा मार्च
पोस्टर के अनुसार 26 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, देहरादून से विशाल पैदल मार्च शुरू होगा, जो राजभवन तक पहुंचेगा। कांग्रेस इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश सरकार के सामने जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग करेगी।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह पैदल मार्च महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस प्रदेशभर के मुद्दों को एक मंच पर लाकर सरकार के खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करेगी। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह आंदोलन सरकार पर कितना दबाव बना पाता है।












