Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:तीर्थनगरी ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। विसर्जन यात्रा में बज रहे अति-तेज डीजे की धमक और भारी बेस के कारण एक मिठाई की दुकान के शीशे अचानक टूटकर गिर गए। इस हादसे में दुकान का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर 5-6 टांके आए हैं।
पीड़ित दुकान स्वामी हरीश ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रेश्वर नगर से गणेश चतुर्थी का विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। यात्रा में शामिल डीजे का साउंड और बेस बहुत तेज़ था। जब उन्होंने आयोजकों से आवाज कम करने का निवेदन किया, तो उन्होंने वॉल्यूम और बेस को और बढ़ा दिया। डीजे के अत्यधिक वाइब्रेशन (कम्पन) को दुकान के कांच सहन नहीं कर सके और भरभरा कर टूट गए। दुकान स्वामी हरीश के अनुसार, इस घटना में दुकान के 4 कांच टूटकर चकनाचूर हो गए। दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा गिरकर टूट गया। काउंटर पर रखे सामान के डिब्बे नीचे गिर गए। दुकानदार हरीश ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर डीजे बंद करने और आवाज कम करने की मिन्नत की, तब भी आयोजक नहीं रुके और बेस को और तेज कर दिया। कांच टूटने के कारण पास खड़े कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट आई।
आनन-फानन में घायल कर्मचारी को चिकित्सा सहायता दी गई, जहां डॉक्टरों को उसके सिर पर 5 से 6 टांके लगाने पड़े। तेज आवाज में बजने वाले डीजे और उनके भारी बेस से होने वाले नुकसान को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
