Nitya Samachar UK
देवप्रयाग। पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें देश की संस्कृति, इतिहास और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से रूबरू कराने की पहल देवप्रयाग में पिछले दस वर्षों से जारी है। विधायक विनोद कंडारी की ओर से शुरू की गई भारत दर्शन यात्रा के तहत इस वर्ष भी क्षेत्र के हाईस्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को देश के महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कराया गया।
इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने आईआईटी कानपुर जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान को करीब से देखा। इसके साथ ही लखनऊ, अयोध्या और काशी समेत कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान बच्चों को उत्तराखंड के राज्यपाल के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का अवसर भी मिला।
23 सितंबर को भारत दर्शन यात्रा के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों ने बताया कि जिन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के बारे में उन्होंने अब तक किताबों में पढ़ा था, उन्हें अपनी आंखों से देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। वहीं आईआईटी कानपुर की यात्रा ने उन्हें उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर को लेकर भी नई जानकारी दी।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग के ये बच्चे उनके लिए परिवार के सदस्यों जैसे हैं। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को पढ़ाई के साथ देश को समझने और बड़े संस्थानों को करीब से देखने का अवसर मिले।उन्होंने कहा कि भारत दर्शन का मकसद बच्चों को यह एहसास कराना है कि उनकी प्रतिभा के लिए संभावनाओं की कोई सीमा नहीं है।
पिछले दस वर्षों से चल रही यह पहल अब देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अवसर बन चुकी है। हर वर्ष टॉपर बच्चों को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाकर उन्हें शिक्षा, संस्कृति, इतिहास और विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
