





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश में वाहन चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई टाटा स्पेशियो वाहन भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी स्मैक के नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को सुनील पोखरियाल निवासी ढालवाला, मुनिकीरेती ने ऋषिकेश बस अड्डे के पास पार्किंग से अपनी टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069 चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 368/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
14 अगस्त की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई टाटा स्पेशियो आईडीपीएल क्षेत्र के खाली मैदान के पास खड़ी है और आरोपी उसे किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस ने आईडीपीएल क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट का सफेद रंग का चार पहिया वाहन पुलिस को आता दिखाई दिया। पुलिस को चेकिंग करते देख चालक ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक की पहचान 30 वर्षीय सागर थापा पुत्र राजू थापा, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई।सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने वाहन को ऋषिकेश बस अड्डे के पास खड्डा पार्किंग से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। कांवड़ मेले के दौरान जगह-जगह पुलिस चेकिंग होने के कारण उसने चोरी किए गए वाहन को लेबर कॉलोनी क्षेत्र में सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। पुलिस से बचने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसने दोनों नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थीं।
आरोपी अब वाहन को किसी अन्य स्थान पर ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार उसकी नशे की आदतों से परेशान होकर परिजनों ने भी उसे घर से अलग कर दिया था।
बरामदगी:
टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069, सफेद रंग
गिरफ्तार आरोपी:
सागर थापा, उम्र 30 वर्ष, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, हरिद्वार
पुलिस टीम में शामिल:
उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, चौकी प्रभारी श्यामपुर, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल बिजेन्द्र पुण्डीर और कांस्टेबल सुन्दर शामिल रहे।







