

Nitya Samachar UK
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के कर्तव्यनिष्ठ, उत्कृष्ट सेवा एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से चयनित पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
सम्मान पाने वालों में पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पुलिसकर्मी शामिल हैं।
सेवा के आधार पर मिलेगा सम्मान
पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से 25 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें पुलिस उपाधीक्षक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, निरीक्षक, उप निरीक्षक, अपर उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल हैं।
वहीं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से सेवा के आधार पर 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हरिद्वार जनपद के पुलिस उपाधीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी और संजय चौहान सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
विशिष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मान
विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस सूची में एसटीएफ, साइबर क्राइम, एसडीआरएफ, अभिसूचना, मुख्यमंत्री सुरक्षा, लोकभवन सुरक्षा, यातायात तथा विभिन्न जनपदों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।
वहीं विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा विम्मी सचदेवा रमन, पुलिस महानिरीक्षक जीआरपी/निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय सहित 12 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।
इसके अलावा 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इनमें लोकभवन सुरक्षा, एसटीएफ, साइबर क्राइम, डायल-112 और विभिन्न जनपदों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।
डीजीपी दीपम सेठ ने दी बधाई
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विशिष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने से अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
डीजीपी ने विश्वास जताया कि सम्मान से प्रेरित होकर पुलिस के जवान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभाग के हित में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह सम्मान समारोह पुलिसकर्मियों के कर्तव्य, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के प्रति विभाग की सराहना का प्रतीक होगा।




