





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। हिन्दू जागरण मंच जिला ऋषिकेश की संगठनात्मक बैठक मंच कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी गतिविधियों और नगर स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं की सहमति से जिला संयोजक (अध्यक्ष) नीरज सहारावत ने पुरुषोत्तम कुमार ‘मानु’ को हिन्दू जागरण मंच ऋषिकेश नगर का संयोजक (अध्यक्ष) मनोनीत किया। उनके मनोनयन पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में ऋषिकेश नगर में संगठन की गतिविधियों को और विस्तार मिलेगा तथा अधिक से अधिक युवाओं एवं कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।
जिला संयोजक नीरज सहारावत ने कहा कि संगठन को नगर स्तर पर मजबूत करने के लिए सक्रिय और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जा रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा जताई।
वहीं, पुरुषोत्तम कुमार ‘मानु’ ने संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश नगर में हिन्दू जागरण मंच को मजबूत करने के साथ ही संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश सहसंयोजक सत्यवीर तोमर, अमरीश, रविदेव शर्मा, आकाश दीप, सोनू कुमार, राहुल शर्मा, गोविंद चौहान, सोनू वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।







