





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश की ओर से बैराज कॉलोनी स्थित मीरा बेन कुटिया के सामने मैदान में शहर के प्रथम इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य का शुभारंभ पार्षद एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक की मौजूदगी में किया गया।
इस मौके पर पार्षद एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि ऋषिकेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं और बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को मौसम की परवाह किए बिना नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बैराज कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र के युवाओं एवं बच्चों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कोर्ट तैयार होने के बाद युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और खेलों के प्रति उनका रुझान भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ मनोरंजन, खेल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस सुविधा के लिए नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में समाजसेवी नीरजा गोयल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, जेई योगेश सेमवाल, ऋषभ राणा, साधना देवी, मयंक पाल, शिमांशी खरोला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए इसे युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात बताया।







