





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। रेनबुकई कराटे सोसायटी आईडीपीएल के तत्वावधान में 9वीं नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता का भव्य आयोजन श्यामपुर स्थित एक वेडिंग हॉल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली से आए 200 से अधिक खिलाड़ियों ने काता एवं कुमीते स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य अनूप पुरोहित, समाजसेवी आशुतोष शर्मा, अविनाश सेमल्टी, वीरेन्द्र नौटियाल, डॉ. पुनीत धमीजा, प्रो. राजपाल रावत तथा पार्षद प्रतिनिधि संजय ध्यानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी व कोच सेंसुई कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समय-समय पर प्रदेश एवं नॉर्थ इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऋषिकेश टीम ने प्रथम स्थान तथा हरिपुर कलां टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “जीत आपको पदक देती है, लेकिन संघर्ष आपको महान बनाता है। हार कभी अंत नहीं होती, बल्कि आगे बेहतर बनने का अवसर होती है। इसलिए प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। इस मौके पर निर्णायक मंडल में शामिल कोच राहुल कुमार,सचिन, आर्यन शाह, करण, चंदन सिंह,राजेश भंडारी, अनिल गुसाईं, अलका, शिवानी, सार्थक एवं सुग्रीव शामिल थे।







