
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री के ऋषिकेश दौरे के दौरान शनिवार को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि मौके पर कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
महानगर अध्यक्ष एनएसयूआई हिमांशु जाटव और युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग लंबे समय से लंबित है। यदि सरकार जल्द इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लेती तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई जनहित के मुद्दों पर अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर जनता की आवाज उठाई गई है। उनका आरोप था कि सरकार क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दे रही है। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और युवाओं के लिए रोजगार के सीमित अवसरों से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस दीपक वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, अपराध और अन्य जनसमस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और युवाओं में बढ़ती निराशा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करती है।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जनहित के मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



