

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या-20 की पार्षद संध्या एकांत गोयल ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को भाजपा के जिलाध्यक्ष को संबोधित पत्र भेजकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। त्यागपत्र में उन्होंने संगठनात्मक परिस्थितियों और पार्टी की नीतियों के प्रति असंतोष एवं क्षोभ को अपने निर्णय का कारण बताया है।
पार्षद संध्या एकांत गोयल ने अपने पत्र में लिखा है कि उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन के प्रति सम्मान रखते हुए सदैव निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का प्रयास किया। हालांकि, वर्तमान समय में संगठनात्मक परिस्थितियों और नीतियों को लेकर उनके मन में गहरा असंतोष उत्पन्न हुआ है। इसी कारण अब उनके लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता में बने रहना संभव नहीं है।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने गंभीर विचार-विमर्श के बाद लिया है। उन्होंने जिलाध्यक्ष से अनुरोध किया है कि उनके त्यागपत्र को स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही उम्मीद जताई कि संगठन उनके निर्णय का सम्मान करेगा।
जनहित के मुद्दों पर मुखर रहने की बात कही
पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के साथ ही संध्या एकांत गोयल ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने और जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय रहने के अपने संकल्प पर अडिग रहेंगी। उन्होंने कहा कि जनहित, जनसमस्याओं और समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाना उनकी प्राथमिकता बनी रहेगी।
संध्या एकांत गोयल के इस निर्णय के बाद ऋषिकेश की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज होने की संभावना है। हालांकि, उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर त्यागपत्र में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक दल से जुड़ेंगी या स्वतंत्र रूप से जनहित के मुद्दों पर काम करेंगी।
फिलहाल, उनके त्यागपत्र से ऋषिकेश में भाजपा के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर कई तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है,वहीं सूत्रों की माने तो जिला योजना समिति का अधिकृत प्रत्याशी ना बनाये जाने पर नाराज होकर पार्टी की सदस्य्ता से त्यागपत्र दिया है.




