
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग और प्रदेश में सामने आए पेपर लीक प्रकरणों के विरोध में शनिवार को परवादून युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता कोयल घाटी से आईडीपीएल की ओर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और पार्षद एवं पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक, परवादून युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भारती सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
अभिनव सिंह मलिक ने आरोप लगाया कि बापूग्राम के लोग वर्षों से राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि इन दोनों मुद्दों पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज सुनने के बजाय गिरफ्तार कर लिया।
वहीं जिला अध्यक्ष गौरव भारती ने कहा कि सरकार जनता के सवालों से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करना क्षेत्रवासियों का अधिकार है और पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो युवा कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी।
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा, महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, महानगर उपाध्यक्ष मयंक पाल, हिमांशु जाटव, सौरभ वर्मा, विशाल स्नेह, मानव रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



