

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर तीर्थनगरी ऋषिकेश में भी श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न घाटों और पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सबसे पहले वीरभद्र स्थित महामाई छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। यहां समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता करते हुए भगवान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और जीवन में खुशहाली की कामना की।
इसके बाद डॉ. अग्रवाल त्रिवेणी घाट पहुंचे, जहां छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा आस्था पथ स्थित गौरीशंकर मंदिर के समीप आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। यहां भी उन्होंने पूजा में शामिल लोगों से संवाद किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान बुजुर्गों से आशीर्वाद लेते हुए डॉ. अग्रवाल ने लोगों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की। श्रद्धालुओं में भी उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न पूजा स्थलों पर उनकी मौजूदगी के दौरान समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमारी लोक आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। छठ पूजा में भगवान सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के माध्यम से मानव जीवन में प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को भी दर्शाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और समरसता की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य देव और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो तथा प्रत्येक परिवार में खुशहाली बनी रहे।
कार्यक्रम में महामाई छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राम आशीष राजभर, महासचिव डीसी राजभर, उपाध्यक्ष नंदलाल राजभर, राम कैलाश, कमलेश, राजेश साहनी, लल्लन राजभर, संजय पासवान, गौतम गुप्ता, सुरेश शर्मा, दीपक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












