

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था के प्रतीक इगास बग्वाल पर्व को लेकर तीर्थनगरी ऋषिकेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 20 नवंबर को आईडीपीएल मैदान में भव्य इगास बग्वाल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पूर्व महापौर अनिता ममगाईं के संयोजन में लगातार आठवें वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गढ़वाल के प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक एवं नगर निगम ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि 20 नवंबर, शुक्रवार को शाम चार बजे से आईडीपीएल मैदान में इगास महोत्सव का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशेष रूप से शामिल होंगे।

अनिता ममगाईं ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक त्योहार हमारी विशिष्ट पहचान हैं। आधुनिकता के इस दौर में नई पीढ़ी अपनी जड़ों और पारंपरिक त्योहारों से दूर होती जा रही है। ऐसे में जरूरी है कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं और बच्चों को अपनी विरासत से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इगास बग्वाल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि पहाड़ की लोक आस्था, वीरता, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। पिछले आठ वर्षों से इसी उद्देश्य के साथ ऋषिकेश में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
भैलो नृत्य और पारंपरिक मंडाण रहेंगे आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी टीम के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही पारंपरिक भैलो नृत्य और मंडाण कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन में पहाड़ की संस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को करीब से देखने और महसूस करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग पहाड़ के पारंपरिक खानपान का स्वाद चख सकेंगे।
माधो सिंह भंडारी की वीरता से जुड़ी है इगास की परंपरा
इगास बग्वाल के ऐतिहासिक महत्व को बताते हुए अनिता ममगाईं ने कहा कि मान्यता के अनुसार वीर माधो सिंह भंडारी के तिब्बत युद्ध में विजय प्राप्त करने की सूचना गढ़वाल क्षेत्र में दीपावली के लगभग 11 दिन बाद पहुंची थी। इसके बाद लोगों ने दीपावली के 11 दिन बाद खुशियां मनाते हुए दीप जलाए और इगास बग्वाल मनाने की परंपरा शुरू हुई। इसी वजह से इसे बूढ़ी दिवाली भी कहा जाता है।
उन्होंने शहरवासियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में समाजसेवी आकाश जैन, घाट रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, भाजपा नेता पंकज शर्मा, पार्षद मुस्कान, सिमरन उप्पल, राजेश कोठियाल, आशु ढंग, गौरव कैंथोला, पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र भारद्वाज और राजेश नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












