

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। फिरोजाबाद से स्कूली बच्चों को लेकर लक्ष्मणझूला घूमने आई एक बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। हादसे के समय बस में 30 लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य घायल हो गए, जबकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह करीब 9:40 बजे बस संख्या UP 83 AT 8300 पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भ्रमण एवं स्नान के लिए जा रही थी। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई।
सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
एसएसआई योगेश पांडेय का बयान: एसएसआई मुनि की रेती योगेश पांडेय के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मधुबन आश्रम में उनके ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी कराई गई। शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
गौरतलब है कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर पूर्व में एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था और ओवरलोडिंग में चालान भी किया था। वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की अधिक ढलान के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस पूर्व में संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पत्र भेज चुकी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।












