
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:चंद्रेश्वर नगर में लगातार बढ़ रहे नशे के कारोबार को लेकर भाजपाइयों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। इस दौरान कई बार नशा तस्करी के आरोप में जेल जा चुकी स्मैक तस्कर रेखा साहनी पर कई गम्भीर आरोप भाजपाइयों ने लगाए।
ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में रहने वाली स्मैक तस्कर रेखा साहनी के खिलाफ स्थानीय पार्षद और भाजपाई भड़के हुए नजर आ रहे हैं। भाजपाइयों का आरोप है कि रेखा साहनी स्थानीय युवाओं को मोटी रकम कमाने का लालच देकर स्मैक बेचने का धंधा कर रही है। स्मैक का कारोबार नहीं करने वाले युवाओं को अपनी बेटी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी भी दे रही है। भाजपाइयों का कहना है की रेखा साहनी की इस हरकत से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। युवा वर्ग भी नशे के दलदल में फंस रहा है। जबकि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य को नशा मुक्त करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। भाजपाइयों ने ऋषिकेश कोतवाली में एसएसआई दर्शन सिंह कला को ज्ञापन सौंप कर रेखा साहनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसएसआई दर्शन सिंह काला ने बताया कि रेखा साहनी पहले भी कई बार स्मैक तस्करी के आरोप में जेल जा चुकी है। फिलहाल पुलिस रेखा साहनी की दिनचर्या पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। भाजपाइयों की मांग का भी पुलिस ने संज्ञान ले लिया है। पुलिस ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।