
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र में केवलानंद चौक पर कचरा डालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद में सफाई कर्मचारी और स्थानीय लोगों के बीच जमकर तू तू मैं मैं हुई। बात हाथापाई तक भी पहुंची, मगर कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को संभाल लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जमकर नगर निगम के खिलाफ हंगामा किया। सूचना मिलने पर नगर निगम से सहायक नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना। दो दिन में समस्या का समाधान करने का भरोसा देकर स्थानीय लोगों के गुस्से को शांत किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मायाकुंड स्थित केवलानंद चौक पर नगर निगम के सफाई कर्मचारी कचरा डंप करते हैं। जिससे क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। मुख्य मार्ग के निकट कचरा होने की वजह से आवारा पशु भी कचरे के आसपास विचरते है। जो कचरा खाने को लेकर लड़ाई भी करते हैं। जिनकी चपेट में आकर कई बार लोग जख्मी भी हो चुके हैं। बावजूद इसके नगर निगम के सफाई कर्मचारी कचरे को दूसरे स्थान पर डंप करने के लिए तैयार नहीं है। सोमवार को भी जब सफाई कर्मचारियों को चौक पर कचरा डंप करने के लिए रोका गया तो विवाद बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने मामले में शीघ्र समाधान नहीं होने पर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है। लोगों का कहना है कि नगर निकाय के चुनाव आने वाले हैं। यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा तो चुनाव में इसके परिणाम भुगतने होंगे।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि मामला संज्ञान में है। केवलानंद चौक पर जिस जगह कचरा डम्प किया जाता है। वहां सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कचरे को कुछ देर के लिए डंप करने के बाद उसे तत्काल उठाकर डंपिंग ग्राउंड भेजने की व्यवस्था की जा रही है।