
Nitya Samachar UK
देहरादून12 जुलाई। उत्तराखंड पुलिस द्वारा अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी ग्रामीण देहरादून और डोईवाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पोक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को हरिद्वार जनपद के अलीपुर इब्राहिमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना और पहचान बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सटीक रणनीति, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली डोईवाला में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2025 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 65(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5 के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं। मामले में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग ने उस पर 25,000 का इनाम भी घोषित किया था।
एसओजी ग्रामीण और डोईवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी हरिद्वार के अलीपुर इब्राहिमपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश चंद्र (32 वर्ष) पुत्र जसराज, निवासी बुराखन बैयवार, थाना लाडगढ़, जिया बैयवार, राजस्थान के रूप में हुई है। वर्तमान में वह ओम पैकेजिंग फैक्ट्री, बहादराबाद (हरिद्वार) में रह रहा था और वहीं से अपनी पहचान छिपाकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि ऐसे आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई (कोतवाली डोईवाला), प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पाण्डेय (एसओजी ग्रामीण), उपनिरीक्षक विनोद राणा, हेड कांस्टेबल विपिन सैनी, कांस्टेबल सोनी कुमार, मनोज कुमार, विपिन राणा तथा महिला कांस्टेबल जमुना नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।



