
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। साईं विहार कॉलोनी में कृषि उत्पादन मंडी समिति के नाले का गंदा पानी लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। नाले का दूषित पानी प्रतिदिन कॉलोनी की सड़कों और कई घरों के सामने जमा होने से लोगों में भारी आक्रोश है। इस मुद्दे को लेकर पार्षद रामकुमार संगर ने कृषि उत्पादन मंडी समिति के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें “कुंभकर्णी नींद” में सोया हुआ बताया और एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को पार्षद रामकुमार संगर साईं विहार कॉलोनी के निवासियों के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति पहुंचे और मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में मंडी समिति के नाले का गंदा पानी लंबे समय से लोगों के घरों के सामने बह रहा है, जिससे दुर्गंध, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद रामकुमार संगर ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार मंडी सचिव को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन हैं और शिकायतों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मंडी समिति को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर नाले की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी कृषि उत्पादन मंडी समिति और मंडी सचिव की होगी।
वहीं, साईं विहार कॉलोनी के निवासियों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वे लंबे समय से गंदे पानी और जलभराव की समस्या से परेशान हैं। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी भी पार्षद रामकुमार संगर के नेतृत्व में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



