





Nitya Samachar UK
देहरादून:उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास अनुभाग-3 ने ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के लिए आठ स्थानीय प्रतिनिधियों को नामित (मनोनीत) सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के उपरांत, शहरी विकास विभाग के उप सचिव प्रदीप कुमार शुक्ल द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
शासकीय अधिसूचना के अनुसार, उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 (उत्तराखंड राज्य में यथाप्रवृत्त) की धारा 6 की उपधारा 1 के खण्ड ‘ख’ में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए शासन ने देहरादून जिले के अंतर्गत आने वाले ऋषिकेश नगर निगम में आठ व्यक्तियों को नाम निर्दिष्ट सदस्य (नामित पार्षद) के रूप में मनोनीत किया है।
मनोनीत पार्षदों का विवरण:
- जितेन्द्र पाल पाठी (पुत्र शिव चरण पाल) – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- सोनू पाण्डे (पुत्र योगेन्द्र पाण्डे) – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- पूनम डोभाल (पत्नी अरविन्द डोभाल) – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- आशु अरोड़ा – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- गौरव कांत कैंथोला – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- सुमन रावत (पत्नी अजय सिंह रावत) – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- ऋषि राजपूत (पुत्र स्व. दीवान सिंह) – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
- कमल शर्मा – निवासी: ऋषिकेश, देहरादून
शासकीय निर्देश एवं गजट प्रकाशन:
शासन द्वारा जारी पत्र (संख्या: 2389(1)/IV(3)/2026-01(40)/2012) की प्रतिलिपि निदेशक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री, राजकीय मुद्रणालय (रुड़की) को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है। राजकीय मुद्रणालय को निर्देशित किया गया है कि वे इस अधिसूचना को आगामी असाधारण गजट के विधायी परिशिष्ट भाग-4 खण्ड ‘ख’ में तत्काल प्रकाशित करना सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रकाशित गजट की 50-50 प्रतियां सचिव, शहरी विकास विभाग तथा निदेशक, शहरी विकास निदेशालय (देहरादून) को उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
क्षेत्र में उत्साह का माहौल:
नगर निगम में नामित सदस्यों की आधिकारिक घोषणा होते ही ऋषिकेश के स्थानीय जन प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी नवनियुक्त पार्षदों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। माना जा रहा है कि इन अनुभवी और सक्रिय प्रतिनिधियों के बोर्ड में शामिल होने से ऋषिकेश शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को और अधिक गति मिलेगी।







