





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव को लेकर छात्र नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) समेत विभिन्न पदों पर दावेदार अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी में जुट गए हैं।
इस बार चुनावी तस्वीर इसलिए भी दिलचस्प नजर आ रही है क्योंकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले कई छात्र नेता अलग-अलग पदों पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जबकि NSUI की ओर से फिलहाल अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर कोई स्पष्ट दावेदार सामने नहीं आया है। वहीं वंदेमातरम् संगठन और निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।
अध्यक्ष पद पर ABVP के दो दावेदार
अध्यक्ष पद को लेकर सबसे ज्यादा हलचल दिखाई दे रही है। इस पद के लिए वैभव रावत और प्रियांशु कुँमाई ABVP के बैनर तले दावेदारी कर रहे हैं। एक ही संगठन से दो नाम सामने आने के बाद अब छात्र राजनीति में चर्चा इस बात की है कि अंतिम रूप से संगठन किस चेहरे पर भरोसा जताता है।
महासचिव पद पर भी रोचक मुकाबला
महासचिव पद के लिए भी मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। यहां अंजलि कोठियाल ABVP के बैनर तले मैदान में हैं, जबकि कशिश राजपूत वंदेमातरम् संगठन से अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं।
उपाध्यक्ष और सहसचिव पद पर ABVP मजबूत
उपाध्यक्ष पद पर निकिता प्रजापति ABVP की ओर से दावेदारी कर रही हैं। फिलहाल इस पद पर उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी का नाम सामने नहीं आया है।
वहीं सहसचिव पद पर उदित झा वंदेमातरम् संगठन की ओर से मैदान में हैं। इसी पद पर युवराज चौधरी ABVP के बैनर तले चुनावी ताल ठोक रहे हैं।
कोषाध्यक्ष पद पर NSUI की मौजूदगी
कोषाध्यक्ष पद की तस्वीर बाकी पदों से कुछ अलग है। इस पद पर रेहान मेंडोलिया NSUI के बैनर तले चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। यानी प्रमुख पदों पर NSUI की सक्रियता सीमित नजर आ रही है, लेकिन कोषाध्यक्ष पद पर संगठन ने अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा है.
यूआर पद पर निर्दलीयों की एंट्री
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि यानी यूआर पद पर तीन निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें प्रिंस, कुणाल नेगी और ओम जायसवाल शामिल हैं। ऐसे में इस पद पर मुकाबला पूरी तरह व्यक्तिगत जनाधार और छात्र संपर्क के आधार पर रोचक हो सकता है।
NSUI की कम सक्रियता ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा
छात्रसंघ चुनाव की मौजूदा तस्वीर ने कैंपस की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। ABVP की ओर से कई पदों पर दावेदार सामने आने और संगठन के भीतर ही अलग-अलग पदों के लिए नामों की सक्रियता के बीच NSUI की सीमित मौजूदगी राजनीतिक तौर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।खासकर अध्यक्ष और महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर NSUI की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट चेहरा सामने नहीं आने से छात्र राजनीति में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, नामांकन की अंतिम स्थिति और संगठनों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
फिलहाल ऋषिकेश के श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर में चुनावी माहौल बनने लगा है। ABVP, वंदेमातरम् और निर्दलीय दावेदारों की सक्रियता ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कौन-कौन से चेहरे अंतिम रूप से मैदान में उतरते हैं और छात्र मतदाताओं का भरोसा किसके पक्ष में जाता है।
वही इस मामले में ऋषिकेश NSUI के नगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव से बात की गई तो उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़कर सभी पदों पर उम्मीदवार होने की बात कही.हालांकि उन्होंने किसी भी प्रकार की लिस्ट अभी तक नहीं भेजी है.








