

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालक के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय रोहित पुत्र गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वीरपुर खुर्द, नेहरूग्राम निवासी एक महिला ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोहित नामक युवक ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 591/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(M)/6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मुखबिर की सूचना पर जंगल के रास्ते से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।पुलिस टीम आरोपी की तलाश में आईडीपीएल क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रोहित पुत्र गोपाल सिंह, मूल निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार और वर्तमान निवासी वीरपुर खुर्द, विस्थापित कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 10 नवंबर की रात 9 बजकर 20 मिनट पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, कांस्टेबल उदयवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।












