

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश।मुख्यमंत्री के चंद्रेश्वर नगर दौरे के दौरान स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर अपनी मांगें रखने जा रहे NSUI महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव एवं छात्रसंघ महासचिव रेहान बंदोलिया सहित उनके साथियों को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई पर दोनों छात्र नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
NSUI महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि गुमानीवाला में कूड़ा निस्तारण की गंभीर समस्या, बापूग्राम की जनता के अधिकारों से जुड़ा मामला और बहन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर वे मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घरों में ही नजरबंद कर दिया। जनता के अधिकारों और बहन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
छात्रसंघ महासचिव रेहान बंदोलिया ओर यूंका महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं और सवालों का जवाब देने के बजाय आवाज उठाने वाले लोगों को घरों में कैद कर रही है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज दबाने का प्रयास है। दोनों छात्र नेताओं ने कहा कि हाउस अरेस्ट करके हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हम न डरने वाले हैं, न झुकने वाले हैं और न ही पीछे हटने वाले हैं।
छात्र नेता मानव रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी पाबंदियां लगा ले, जनहित के मुद्दों पर उनका संघर्ष रुकने वाला नहीं है।












