

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। दीपावली की पार्टी से दोस्तों के साथ घर लौट रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास कुछ युवकों ने रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर युवक व उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में कृष्ण डुडेजा को गंभीर एवं अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर ऋषिकेश पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, तिलक रोड निवासी कृष्ण डुडेजा पुत्र जय प्रकाश डुडेजा ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई कि 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास पुरानी आपसी रंजिश के चलते शिवांश गुप्ता और उसके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने एकराय होकर कृष्ण डुडेजा और उनके साथियों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस हमले में कृष्ण डुडेजा को गंभीर और अंदरूनी चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घटना के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के साथ पीड़ित ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट की छायाप्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 588/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 351(3), 352, 191(2) और 126(2) में मुकदमा दर्ज किया है।
घटनास्थल पर पहुंची FSL टीम, जुटाए जा रहे साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। वहीं, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
नामजद आरोपियों के नाम:
शिवांश गुप्ता पुत्र अतुल गुप्ता।
पार्थ राजपूत।
अनिकेत राजपूत।
ध्रुविश चौधरी।
एक अज्ञात आरोपी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर ऋषिकेश पुलिस के द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर बनाई गई है.












