
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ कथित रूप से भ्रामक और एडिटेड वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ऋषिकेश कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि “वसूली अभियान मोर्चा” नामक एक सोशल मीडिया आईडी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के पुराने वीडियो और बयानों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से एक ऐसा वीडियो प्रसारित किया गया है, जिसमें गोदियाल के बयान को एडिट कर भ्रामक तरीके से दिखाया गया है, जिससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाए और उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचे।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जयेंद्र रमोला ने कहा कि वायरल किया गया वीडियो पूरी तरह से तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने बताया कि यह वीडियो बापूग्राम क्षेत्र में चल रहे एक जन-आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से छेड़छाड़ कर तैयार किया गया है। उनके अनुसार वीडियो को इस तरह संपादित किया गया है कि वास्तविक संदर्भ पूरी तरह बदल जाए और लोगों को भ्रमित किया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सुनियोजित तरीके से राजनीतिक दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल की आलोचना की जा सकती है, लेकिन फर्जी और एडिटेड सामग्री प्रसारित कर किसी की छवि खराब करना गंभीर अपराध है।
ज्ञापन में पुलिस से मांग की गई है कि मामले की जांच साइबर सेल के माध्यम से कराई जाए तथा “वसूली अभियान मोर्चा” नामक सोशल मीडिया अकाउंट के संचालक, एडमिन और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में देहरादून में पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता व्यापक आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शुचिता की रक्षा करने की मांग की है।
इस दौरान मौके पर पूर्व सभापति राकेश अग्रवाल, भगवती प्रसाद सेमवाल, कांग्रेस पार्षद दल नेता देवेंद्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद सरोजनी थपलियाल, विवेक तिवारी, अरविंद जैन, मधु जोशी, चन्दन सिंह पंवार,गौरव राणा, युंका प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा, युंका विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा, एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु जाटव, युंका अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, बृज भूषण बहुगुणा, अशोक शर्मा, रूकम पोखरियाल, प्यारे लाल जुगरान, सुमित चौधरी, मनोज गुसाई, मनीष जाटव, ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पंवार, प्रदीप जैन, सुमित त्यागी, हरि सिंह नेगी, राजेंद्र कोठारी, सूरज भट्ट, जगजीत सिंह जग्गी, बी एस पयाल, राजेश साह, राकेश वर्मा, मधु मिश्रा, मदन शर्मा, धर्मेंद्र गुलियाल, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, गौरव जोशी, विश्वजीत अधिकारी, दीपक, तरुण त्यागी, राहुल कुमार, अभिषेक राणा, कार्तिक, आशीष, अश्मित, अभिनव कुमार, अवधेश, बाबूराम शर्मा आदि मौजूद रहे तथा उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार पर रोक लगाने की मांग उठाई।



