
Nitya Samachar UK
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना केवल उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान कोश्यारी के दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याण के प्रति उनके समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में हमेशा जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तथा राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है।
धामी ने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, सामाजिक चेतना को जागृत करने और विकास के विभिन्न आयामों को नई दिशा देने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनका लंबा अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र को आगे भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा। पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत होने पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक तथा जनप्रतिनिधि संगठनों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।



