

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के मंत्रियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। बुधवार, 18 नवंबर को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर कांग्रेसजनों और स्थानीय निवासियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी, महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग उठाई गई।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना और सरकार से जवाब मांगना केवल विपक्ष का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का अधिकार है। प्रदेश की जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जब तक भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक कांग्रेस अपनी मांगों को मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेह शासन की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा।
वहीं, श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पंवार और मंडल अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को विकास और सुशासन के नाम पर सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज प्रदेश में भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इन मामलों पर चुप्पी तोड़कर जनता के सामने जवाब रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय होना जरूरी है। कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज सड़क से सदन तक बुलंद करती रहेगी। अभियान का उद्देश्य किसी को बदनाम करना नहीं, बल्कि प्रदेश में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर सूरी राणा, जीतू बिष्ट, लक्ष्मण सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह पंवार, पूर्व प्रधान मुंशी सिंह नेगी, पंचायत सदस्य सुरेंद्र रावत, कमल पंवार, मनोज रावत, अरविंद पंवार, अमित गुनसोला, जीत सिंह, प्रताप सिंह, हर्ष शर्मा, उदित शर्मा, मुकेश धनाई, रामपाल, भूपेंद्र राणा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।












