

Nitya Samachar UK
टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर पुल के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। बस में कुल 34 लोग सवार थे।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। इसके बाद खाई में उतरकर बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
मुनिकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार सुबह गूलर पुल के पास सवारियों से भरी बस खाई में गिर गई। बस में कुल 34 लोग सवार थे, जिनमें से 25 लोग घायल हुए हैं, जबकि 9 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। वहीं एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे घटनास्थल पर पहुंचे जहां पर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया.
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












