
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:लक्ष्मण झूला थाना अंतर्गत नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टू घाट के पास दो कैंप संचालकों के विवाद में एक कर्मचारी की चाकू लगने से जान चली गई। जबकि दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लक्ष्मण झूला थाना पुलिस के मुताबिक नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टू घाट स्थित दो कैंप के कर्मचारियों में किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक कैंप के कर्मचारियों ने चाकू से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। घटना में मालाकुंठी निवासी यशपाल सिंह नेगी 21 वर्ष की चाकू लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रमन और मनोज नाम के कर्मचारी चाकू लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा। मृतक के शव को पंचनामा भरने के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वारदात के बाद कैंप संचालक गब्बर सिंह ने चाकू से हमला कर यशपाल सिंह की हत्या करने के आरोप में अजय चौहान अभिषेक और नवोदित के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। जिनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मामले की पूरी जांच की जा रही है।