
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 9 जुलाई को जनपद देहरादून में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज बारिश के दौर की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई (गुरुवार) को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल से प्राप्त चेतावनी के मद्देनजर जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने तथा अप्रिय घटनाएं होने की आशंका व्यक्त की गई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद देहरादून में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से कहा गया है कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन के निर्देशों का अनुपालन करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।




