



Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सिविल लाइंस पुलिस ने स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड से ऋषिकेश निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के परतापुर हरदासपुर गांव निवासी मिहीलाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि चार साल पहले उसकी जान पहचान देहरादून निवासी सुशील कुमार से हुई थी।
इस दौरान उसने नई दिल्ली के सुल्तानपुर निवासी अश्वनी मेहता, मनोज कुमार, आरती देवी, मोनू कुमार और सुरेश कुमार से मिलवाया। इस बीच सभी ने रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही थी जिसमें 15 लाख रुपये का खर्च बताया था। इन लोगों की बात पर यकीन कर मिहीलाल ने सुशील, मोनू और आरती के खाते में 15 लाख रुपये डाल दिए। इस दौरान नौकरी लगवाने के लिए कुछ दिन का समय दिया गया।
आरोप था कि समय निकल जाने पर जब मिहीलाल ने नौकरी न लग पाने पर रुपये वापस मांगे तो इन लोगों ने देने से मना कर दिया। बाद में उसने घटना की जानकारी सिविल लाइंस पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी जिसके बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। शनिवार को सिविल लाइंस पुलिस ने ऋषिकेश के मायाकुंड निवासी बब्लू को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


