

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। भाई दूज के दिन ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 24 में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के समय रामचंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ साले के घर गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र के घर में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और घर में रखे पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी, बेड, कपड़े, बिस्तर सहित तमाम घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार आनन-फानन में घर पहुंचा। अपने आशियाने को जलता देख रामचंद्र की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह सदमे में मौके पर ही दो बार बेहोश हो गईं।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह परिवार को संभाला और खुद ही पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने अपनी ओर से रामचंद्र को 5100 रुपये की आर्थिक सहायता दी। पार्षद ने अन्य लोगों से भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, रामचंद्र कारपेंटर का काम करते हैं और लंबे समय से यहां किराये के कमरे में रह रहे हैं। आग में परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब दो लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।












