

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 11 अक्टूबर। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने नवरात्रि के प्रथम दिवस ऋषिकेश विधानसभा में ‘परिवर्तन उद्घोष’ के माध्यम से अपने चुनावी अभियान का शुभारंभ किया। मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय रावत ने रविवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धार्मिक आस्था और देवभूमि की परंपराओं के अनुरूप मंदिरों में पूजा-अर्चना कर इस अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ चारधाम यात्रा मार्ग की प्रथम प्रमुख पड़ाव चट्टी स्थित भगवान सत्यनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना एवं भगवान सत्यनारायण का आशीर्वाद लेकर किया गया। शंखनाद के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में साहब नगर स्थित ओणेश्वर मंदिर में दर्शन किए गए। इसके पश्चात छिद्दरवाला में मां चंपुआ एवं मां राजराजेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। यात्रा के दौरान भैरव उपासक संजय बिष्ट, भैरव उपासक कृपालु महाराज, बबलू भगत तथा मां ज्वाल्पा के उपासक अमन से भी आशीर्वाद लिया गया। धार्मिक आस्था और जनसंपर्क के इस क्रम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
‘परिवर्तन उद्घोष’ केवल चुनावी शुरुआत नहीं, जनसरोकारों के लिए संकल्प है — सुधीर राय रावत
इस अवसर पर उपस्थित साथियों एवं समर्थकों को संबोधित करते हुए सुधीर राय रावत ने कहा कि “परिवर्तन उद्घोष केवल चुनावी अभियान की शुरुआत नहीं, बल्कि ऋषिकेश की अस्मिता, स्वाभिमान, अधिकारों और जनसरोकारों को लेकर एक नई पहल है। नवरात्रि के प्रथम दिवस मां भगवती और देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेकर हमने यह संकल्प लिया है कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओ,अपेक्षाओं और अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का उद्देश्य प्रदेश की पहचान, संस्कृति, जल, जंगल, जमीन और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। ऋषिकेश केवल एक शहर नहीं, बल्कि चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां के स्थानीय नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना आवश्यक है।
रावत ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा और जनसमस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएं तथा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों के विश्वास और सहभागिता को प्राथमिकता दें।
उन्होंने आगे कहा कि “हमारा संकल्प है—जनता के सम्मान, उत्तराखंड के स्वाभिमान और ऋषिकेश के विकास के लिए निरंतर संघर्ष। परिवर्तन की शुरुआत तभी सार्थक होगी, जब आम आदमी की आवाज निर्णय लेने वाली व्यवस्था तक पहुंचेगी।”
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
‘परिवर्तन उद्घोष’ कार्यक्रम में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शीशपाल सिंह पोखरियाल, गढ़वाली फिल्मों के प्रसिद्ध कलाकार बलदेव राणा, पूर्व पार्षद नगर निगम मनीष शर्मा, टीजीएमओ के अध्यक्ष बलबीर रोतेला,महानगर अध्यक्ष हेमंत डंग, जिला महासचिव गौतम राणा, विकास सेमवाल, नवीन मोहन, नवीन रमोला, प्रीतम चौहान, राहुल रावत, शंकर दयाल धने, यशवंत रावत, राजेंद्र सिंह रावत, राजेश नौटियाल, मदन कोठारी, संजय पांडे, बृजेश उनियाल, बबलू भगत, अनूप थपलियाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।




