





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
Snapchat के जरिए हुई थी आरोपी से पहचान
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग और आरोपी के बीच संपर्क सोशल मीडिया ऐप Snapchat के जरिए हुआ था। बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और इसी दौरान कथित तौर पर यह घटना हुई। पुलिस अब आरोपी की पहचान और उसके ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ऋषिकेश का रहने वाला नहीं है और बाहरी क्षेत्र से संबंधित है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से हुई बातचीत और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।
FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार इन साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
अस्पताल में भर्ती है पीड़िता
घटना के बाद नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है और वह बातचीत कर पा रही है। पुलिस की ओर से पीड़िता के बयान समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों, उसके संपर्कों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान से संबंधित किसी भी जानकारी या फोटो को सोशल मीडिया पर साझा न करें और मामले को लेकर किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें।







