





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस को वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के 25 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था।
कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज मुकदमा संख्या 405/2026 में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
ऋषिकेश कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट के मुताबिक यह गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त था। लोगों को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भयभीत करने के भी आरोप हैं।
नेपाल भागने की तैयारी में था आरोपी
मामले में नामजद रवि कुमार गुप्ता मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रवि गुप्ता अपने साथियों की मदद से सोनौली, महाराजगंज के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में है। सूचना पर ऋषिकेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर सोनौली में दबिश दी। पुलिस ने 28 अगस्त 2026 को वाहन संख्या UK-14-N-5344 महिंद्रा स्कॉर्पियो से रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से मिले दस्तावेजों से उसके नेपाल जाने की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।
वाहन समेत दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के अलावा नेपाल कस्टम से जारी वाहन आवाजाही संबंधी अभिलेख, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज और यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय द्वारा जारी वाहन अनुमति-पत्र बरामद किया है।
रवि गुप्ता पर चार मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय रवि कुमार गुप्ता निवासी शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम, ऋषिकेश के खिलाफ अलग-अलग आपराधिक घटनाओं से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम, मारपीट, धमकी, एससी/एसटी एक्ट सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, कोतवाली डोईवाला प्रभारी एवं विवेचक निरीक्षक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।







