





Nitya Samachar UK
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, देर रात चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्कूटी सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
घटना 18-19 अगस्त की देर रात हरबंसवाला बैरियर के पास की है। जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपी स्कूटी तेज गति से दौड़ाकर हरबंसवाला की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी चाय बागान की ओर भागने लगा और इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान आकाश कुमार उर्फ तमंचा (25), निवासी शिवाजी नगर जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में की है।
लूटी गई चेन और तमंचा बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बुजुर्ग महिला से छीनी गई सोने की चेन और बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने कुछ दिन पहले बसंत विहार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने उसके गले से चेन झपटी थी। घटना में इस्तेमाल स्कूटी को उसने कोतवाली क्षेत्र से चोरी किया था और पुलिस से बचने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटा दी थी।
जेल से एक महीने पहले ही आया था बाहर
पुलिस के मुताबिक आकाश कुमार शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, चेन/मोबाइल स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और अन्य अपराधों के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह करीब पांच माह पूर्व बसंत विहार क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग के मामले में जेल गया था और लगभग एक माह पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होने और अपनी नशे की लत व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी-लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने की बात पुलिस को बताई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। लूटी गई चेन को बेचने का प्रयास भी किया गया, लेकिन बिल नहीं होने के कारण उसे खरीदार नहीं मिला।
पुलिस पर फायरिंग के मामले में आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार में मुकदमा संख्या 176/26, धारा 109/3(5) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।







