





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश 19 अगस्त 2026। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने महिला के पर्स से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 16.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 63 हजार रुपये नकद, पर्स और बैंक की जमा पर्चियां समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद किया गया है। आरोपी चोरी का माल लेकर बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास दबोच लिया।
बेटी की शादी के लिए बैंक से लिया था सोना
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को मंशा देवी, गुमानीवाला निवासी सुमन राणा पत्नी महिपाल राणा ने चौकी आईडीपीएल में तहरीर दी थी। महिला ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से सोना लेकर आई थी। इसके बाद पंवार ज्वैलर्स से तीन सोने की चेन में टांके लगवाए गए थे।
महिला ने तीन सोने की चेन, सोने का गले का नेकलेस, एक जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, चांदी का ब्रेसलेट और 64 हजार रुपये नकद एक भूरे रंग के पर्स में रखे थे। इस भूरे पर्स को उसने अपने काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा था।
केले खरीदने के दौरान चोरी
महिला के मुताबिक वह भरत विहार गेट के पास केले की ठेली पर केले खरीदने के लिए रुकी थी। यहां उसने ठेली संचालक राजकुमार को 50 रुपये का भुगतान गूगल-पे के माध्यम से किया। इसके बाद वह अपने घर पहुंची तो काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स गायब मिला।
पर्स में लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी होने के कारण महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिला ने केले की ठेली संचालक राजकुमार पर चोरी का शक जताया। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सक्रिय किया मुखबिर तंत्र
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले के जल्द खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश यशपाल सिंह बिष्ट ने चौकी आईडीपीएल प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
बिहार भागने की फिराक में था आरोपी
19 अगस्त 2026 को पुलिस टीम चोरी के माल और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सिटी गेट के पास मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित राजकुमार योगनगरी रेलवे स्टेशन की ओर गया है और बिहार भागने की तैयारी में है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दी। मुखबिर ने दूर से आरोपी की पहचान कराई और मौके से चला गया। पुलिस के मुताबिक टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस को देखकर घबरा गया और तेज कदमों से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार पुत्र शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष बताया।
लाल कपड़े में छिपाकर रखा था चोरी का सामान
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास मौजूद लाल रंग के कपड़े में लिपटे सामान को खोला गया तो उसके अंदर वही भूरे रंग का पर्स बरामद हुआ। पर्स के अंदर सोने के आभूषण और नकदी रखी थी।
पुलिस ने मौके पर वादिनी सुमन राणा को बुलाकर बरामद सामान की शिनाख्त कराई। महिला ने बरामद आभूषण और अन्य सामान को अपना चोरी हुआ सामान बताया।बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली चोरी
पूछताछ में राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त को सुमन राणा उसकी केले की ठेली पर केले खरीदने आई थीं। बातचीत में उलझाकर उसने महिला के काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स चोरी कर लिया।आरोपी के अनुसार भूरे पर्स में सोने के आभूषण और नकदी थी। चोरी करने के बाद वह माल लेकर बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
3 सोने की चेन
1 सोने का गले का नेकलेस
2 जोड़ी सोने के कान के टॉप्स
1 जोड़ी सोने की झुमकी
1 चांदी का ब्रेसलेट
63 हजार रुपये नकद
1 भूरे रंग का पर्स
बैंक ऑफ बड़ौदा की 3 जमा पर्चियां, जिन पर वादिनी सुमन राणा का नाम अंकित है
बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण और नकदी की कुल कीमत लगभग 16.50 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार पुत्र शिव शाह
निवासी—सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार
उम्र—लगभग 35 वर्ष
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने किया खुलासा
घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल गौरव यादव और कांस्टेबल अंकुर कुमार शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बेटी की शादी के लिए जुटाए गए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी बरामद होने से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।







