
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की देहरादून सब-जोनल कार्यालय ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA), 1999 के तहत ऋषिकेश, देहरादून और दिल्ली में कई परिसरों पर छापेमारी की है। कार्रवाई कथित तौर पर विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेक्स) नियमों के उल्लंघन और हवाला लेनदेन से जुड़े मामले में की गई।
ईडी के अनुसार जांच में सामने आया कि कुछ लाइसेंसधारी फुल-फ्लेज्ड मनी चेंजर्स (FFMCs), उनकी फ्रेंचाइजी और संबद्ध संस्थाएं आरबीआई के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बिना अनिवार्य केवाईसी (KYC) और निर्धारित दस्तावेजी प्रक्रिया के विदेशी मुद्रा का लेनदेन कर रही थीं। साथ ही इनके हवाला कारोबार में शामिल होने की भी आशंका जताई गई है।
ईडी ने गंगा फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड, जेपीजेएन फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, अल्पाइन फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड, जय जीन फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड, इनके सहयोगी प्रतिष्ठानों तथा संबंधित व्यक्तियों के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा (अमेरिकी डॉलर, यूरो, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, थाई बाट आदि) बरामद हुई, जिसकी भारतीय मूल्य के अनुसार कीमत 54.58 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा 33.98 लाख रुपये की बेहिसाबी भारतीय नकदी, कई आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा लेनदेन से जुड़े अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए गए।
ईडी का कहना है कि जांच में अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क से जुड़े लेनदेन के संकेत मिले हैं। तलाशी के दौरान कुछ परिसरों में विदेशी मुद्रा के भौतिक स्टॉक और रिकॉर्ड में भी अंतर पाया गया, जिससे लेखा-जोखा में अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई है।
एजेंसी के अनुसार कुछ फ्रेंचाइजी परिसरों से खरीद रजिस्टर, ग्राहकवार रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेज और विदेशी मुद्रा खरीद से संबंधित जरूरी अभिलेख भी नहीं मिले, जो आरबीआई के नियमों का उल्लंघन है।
ईडी ने बताया कि जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। मामले में शामिल सभी व्यक्तियों और संस्थाओं की भूमिका, वित्तीय लेनदेन की पूरी श्रृंखला तथा लाभार्थियों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



