
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति पर मकान निर्माण की शिकायत करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुमानीवाला श्यामपुर स्थित रूसा फार्म निवासी संदीप पंवार ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि गुरुवार को मनीष शर्मा नाम का व्यक्ति उनके निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसने खुद को पत्रकार बताते हुए मकान की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और कहा कि यदि निर्माण की शिकायत और प्रशासनिक कार्रवाई से बचना है तो उसे दो लाख रुपये देने होंगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस चौकी श्यामपुर के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने संदीप पंवार की शिकायत के आधार पर आरोपी मनीष शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3), 351 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली या धमकी देने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



