
Nitya Samachar UK
देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अमन सहित तीन आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
एसएसपी देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के कई लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103, 109, 191(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया था। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुख्य आरोपी अमन और उसके अन्य फरार साथियों की तलाश में पुलिस लगातार उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही थी। लगातार की गई सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से मुख्य आरोपी अमन, सावेज और आजम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में सहसपुर कोतवाली पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसपी देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।



