
Nitya Samachar UK
मुनि की रेती:टिहरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण पेश किया है। जनपद पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने 147 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
ढालवाला स्थित सीआईयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद करना आसान नहीं होता। इसके लिए पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी सर्विलांस और कड़ी मेहनत के दम पर इस सफलता को हासिल किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली सीआईयू टीम को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई।
खास बात यह रही कि बरामद मोबाइलों में कई फोन चारधाम यात्रा पर आए दूसरे राज्यों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के भी थे। जो यात्री अपने घर लौट चुके थे, उनके मोबाइल पुलिस ने कूरियर के माध्यम से सुरक्षित उनके पते पर भेज दिए।
टिहरी पुलिस की इस पहल ने न सिर्फ लोगों का खोया हुआ सामान लौटाया, बल्कि पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी और मजबूत किया।



