
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश क्षेत्र के पशुलोक बैराज में टेंडर कार्य से जुड़े भुगतान के बदले रिश्वत मांगने के मामले में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल विंग में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) फैसल खान को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप टीम ने पकड़ा।
विजिलेन्स से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर कार्य करता है तथा उसके द्वारा पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला गया था। आरोप था कि संबंधित कार्य के भुगतान के बदले JE फैसल खान द्वारा अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की प्राथमिक जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।
सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार 21 मई 2026 को आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी फैसल खान विभाग के सिविल विंग में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
वहीं सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर की जा सकती है। जनता के सहयोग से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव है।



